एशियन गेम्स मेडलिस्ट और देश के दिग्गज बॉक्सर डिंको सिंह का निधन

नई दिल्ली :  एशियन गेम्स मेडलिस्ट और देश के दिग्गज बॉक्सर डिंको सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। वह लंबे समय बीमार थे। डिंको सिंह का 2017 से ही लिवर कैंसर के लिए उपचार चल रहा था। मणिपुर के 41 वर्षीय डिंको सिंह ने 1998 एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। उन्हें 1998 में में अर्जुन पुरस्कार और 2013 में पद्म श्री से नवाजा गया था। वह मैरीकॉम जैसे कई स्टार बॉक्सर के रोल मॉडल हैं।

 

डिंको सिंह को पिछले साल कोविड-19 से पॉजिटिव भी पाया गया था लेकिन वह ठीक होकर अस्पताल से घर लौट आए थे। डिंको सिंह के इलाज में मदद के लिए विजेंदर सिंह जैसे खिलाड़ियों ने धन जुटाया था।

छह बार की विश्व चैम्पियन एमसी मैरीकॉम और एल सरिता देवी के प्रेरणास्रोत रहे डिंको भारतीय नौसेना में काम करते थे और साथ ही खिलाड़ियों को कोचिंग भी देते थे, हालांकि कैंसर के बाद से वह घर पर रहने को मजबूर थे। पिछले साल कोरोना के बीच इलाज के लिए उन्हें एयरलिफ्ट कराके दिल्ली लाया गया था। 

मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने डिंको सिंह के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मैं डिंको सिंह के निधन ने हैरान और दुखी हूं। पद्मश्री अवॉर्डी जिंको सिंह प्रदेश के सबसे सम्मानजनक खिलाड़ियों में शामिल हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।

डिंको के निधन पर खेल मंत्री किरण रिजिजू ने संवेदना प्रकट की है। रिजिजू ने ट्वीट किया कि श्री डिंको सिंह के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। भारत के अब तक के सबसे बेहतरीन मुक्केबाजों में से एक थे। 1998 के बैंकाक एशियाई खेलों में डिंको के स्वर्ण पदक ने भारत में बॉक्सिंग चेन रिएक्शन को जन्म दिया। मैं शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।

Related posts

Leave a Reply