BREAKING: बुरी ख़बर : हिमाचल प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री एवं भाजपा विधायक नरेंद्र बरागटा का निधन, कोरोना को मात भी दे चुके थे

शिमला : हिमाचल प्रदेश सरकार में  पूर्व मंत्री एवं जुब्बल-कोटखाई के भाजपा विधायक नरेंद्र बरागटा का निधन हो गया है। वह 69 वर्ष के थे। नरेंद्र बरागटा का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार चल रहा था।

वह कोरोना को मात भी दे चुके थे, लेकिन पिछले करीब 15 दिनों से उनकी हालत गंभीर थी। पीजीआई में इलाज के दौरान शनिवार सुबह उनका निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर समेत तमाम नेताओं ने शोक व्‍यक्‍त किया है। मुख्यमंत्री बीते कल उनसे मिलने पीजीआई पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शोक जताते हुए अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है कि “ये सूचना पाकर मैं स्तब्ध हूं। हमने एक ईमानदार एवं कर्मठ नेता खो दिया है।” बरागटा के आसमयिक निधन की खबर से भाजपा समेत उनके प्रशंसकों और करीबियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। हिमाचल भाजपा ने आज प्रदेश में होने वाले अपने सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया है।

 

नरेंद्र बरागटा के निधन की ख़बर उनके बेटे चेतन बरागटा ने फेसबुक पर दी। चेतन बरागटा ने फेसबुक पर एक संदेश पोस्ट किया है, जिसमें लिखा है, “मेरे पिता व हम सभी के प्रिय भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार में मुख्य सचेतक सम्मानीय श्री नरेन्द्र बरागटा जी स्वास्थ्य से सम्बंधित लम्बे संघर्ष के बाद अपने जीवन की अंतिम लड़ाई हार गए। मेरे परिवार के सदस्यों समान समस्त समर्थकों,कार्यकर्ताओं को बड़े दुःखी मन के साथ यह खबर दे रहा हूँ कि श्री नरेन्द्र बरागटा जी अब हमारे मध्य नही रहे। कोविड-19 के चलते तमाम शुभचिंतकों, समर्थकों व कार्यकर्ताओं से निवेदन रहेगा कि धैर्य व सयंम बनाएं रखें। भावभीनी एवं अश्रुपूर्ण यह पल हमारे जीवन के सबसे दुःखदायी क्षण आप सभी के साथ साँझा कर रहा हूँ।”

Related posts

Leave a Reply